रायपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर सीमावर्ती क्षेत्र के जंगलों में आज सुबह से नक्सलियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ चल रही है। मुठभेड़ में जवानों ने 7 माओवादियों के मार गिराया है। वहीं DRG के 2 जवान शहीद और एक जवान घायल हुए है। इलाके में जवानों का सर्च अभियान जारी है।
बीजापुर एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिला बीजापुर–दंतेवाड़ा अंतरजिला सीमा क्षेत्र के पश्चिम बस्तर डिवीजन इलाके में आज सुबह 9 बजे से DRG दंतेवाड़ा–बीजापुर, STF एवं CoBRA, CRPF की संयुक्त टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान पुलिस व नक्सलियों के बीच लगातार रुक-रुक कर फायरिंग की स्थिति बनी रही। क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा निर्णायक एवं आक्रामक कार्रवाई जारी है।
बस्तर IG सुंदरराज पी ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से अब तक सात माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ स्थल से SLR राइफलें, .303 राइफलें तथा अन्य हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किए गए हैं। माओवादियों के मृत शरीरों की पहचान अभी स्थापित की जानी शेष है।
सुंदरराज पी ने बताया कि नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में DRG बीजापुर के प्रधान आरक्षक मोनू वडाड़ी और आरक्षक दुकारू गोंडे शहीद हुए हैl वहीं एक अन्य जवान सोमदेव यादव घायल हुए हैं। घायल जवान को प्राथमिक उपचार प्रदान कर दिया गया है तथा वे खतरे से बाहर हैं।




