रायपुर। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान अति भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार जांजगीर-चांपा, कोरबा, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, रायगढ़, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने प्रशासन और नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है। विशेषकर निचले इलाकों और नदी किनारे रहने वाले लोगों को सावधान रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
अति भारी वर्षा के कारण जलभराव, यातायात अवरोध और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका भी जताई गई है। कृषि कार्यों और निर्माण गतिविधियों पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है।
प्रशासन ने संबंधित जिलों के आपदा प्रबंधन दलों को अलर्ट कर दिया है। नागरिकों से अपील की गई है कि मौसम से जुड़ी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।




