राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। नेशनल हाईवे क्रमांक 53 पर आज मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा आरके नगर चौक के पास हुआ, जहां Aziz Public School की एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने बाइक सवारों को रॉन्ग साइड से आकर जोरदार टक्कर मार दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला अपने बहन के बेटे के साथ बाइक से बुरानछापर गांव (थाना बोरतलाव) से राजनांदगांव बी.एड. परीक्षा देने के लिए निकली थी। तभी आरके नगर चौक के पास सामने से रॉन्ग साइड आ रही स्कूल बस ने उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल पेंड्री स्थित शासकीय अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घायल युवक के पैर में चोटें आई हैं और उसका उपचार अस्पताल में जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर स्कूल बस और चालक के विरुद्ध जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर स्कूल बसों की लापरवाही और तेज रफ्तार वाहन संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन और बस चालकों पर कार्रवाई की मांग की है।




