भारतीय सिविल सर्विस के सपने लिए देश की राजधानी दिल्ली आये एक छात्र की जंगल में फांसी से लटकती लाश मिली है। मृत छात्र यूपीएससी का प्री निकाल चुका था और दिल्ली के मुखर्जी नगर में रहकर मेंस की तैयारी कर रहा था।
मृत छात्र के शव के पास पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इसलिए प्रथम दृष्टिया पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। छात्र की पहचान दीपक कुमार मीणा के रूप में हुई है। परिवार वालों के मुताबिक, वह 11 सितंबर से गायब था। उन्होंने 14 सितंबर को गुमशुदगी की शिकायत थाने में की थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसके बाद शुक्रवार को छात्र का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला।
मृतक दीपक कुमार मीणा मूलत: राजस्थान के जिला दौसा का रहने वाला था। दीपक के परिवार में पिता चंदूलाल मीणा, मां, दो बड़े भाई राकेश और दौलत व दो बहनें हैं। पिता चंदूलाल ने बताया कि दीपक ने यूपीएससी का ऑनलाइन कोर्स लेकर जयपुर में रहकर इसी साल प्री पास किया था। इंस्टीट्यूट ने मेंस की तैयारी के लिए दिल्ली बुलाया था। दीपक जुलाई महीने में दिल्ली स्थित मुखर्जी नगर में पीजी में रहकर कोचिंग कर रहा था।
परिवार वालों के मुताबिक, वह रोज अपने परिवार वालों से फोन पर बातचीत करता था। 10 सितंबर की रात बात करने के बाद वह फोन नहीं कर रहा था। शक होने पर 13 सितंबर को परिवार वालों ने उसे फोन किया, लेकिन उसका फोन बंद था। परिवार वाले मुखर्जी नगर स्थित उसके पीजी में पहुंचे। जहां उसके कमरे में रहने वाले युवक ने बताया कि वह 11 सितंबर से पीजी में नहीं आया है।
परिजनों ने आस पास के इलाके में उसकी तलाश करने के बाद इंस्टीट्यूट में उसके बारे में जानकारी ली, लेकिन वहां से कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिवार वालों ने 14 सितंबर को बेटे की गुमशुदगी मुखर्जी नगर थाने में दर्ज करा दी। पुलिस दीपक की तलाश शुरू की। पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टेंड, अस्पतालों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
परिवार वालों ने इंस्टीट्यूट पर आरोप लगाया है कि छात्र के कक्षा में नहीं आने को लेकर उन्होंने परिवार वालों को कोई जानकारी नहीं दी। इसी बीच शुक्रवार को पुलिस को जंगल में एक युवक के फांसी लगाए जाने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची। पेड़ से युवक फंदा लगाकर लटका हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया। पुलिस ने बताया कि जिस जगह पर शव मिला है वह दीपक के इंस्टीट्यूट की लाइब्रेरी से कुछ ही दूरी पर है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आत्महत्या की बात सामने आई है। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।




