CG PSC Topper Ravishankar Online Met With Collector : कलेक्टर दीपक सोनी ने आज छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग 2023 की परीक्षा में सर्वोच्च अंक हासिल करने वाले ग्राम कोसमंदी निवासी टॉपर रविशंकर वर्मा को वीडियो कॉल के जरिए बधाई दी। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा नवाचार कार्यक्रम “हम होंगे कामयाब” के अंतर्गत जिले के युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन देने के लिए रविशंकर वर्मा को आमंत्रित किया।
वर्मा ने भी आमंत्रण स्वीकार करते हुए आगामी दिनों में बलौदाबाजार आने की बात कही। उन्होंने बताया कि वर्तमान में वे कोरिया जिले में रोजगार अधिकारी के रूप में पदस्थ हैं और प्रशासनिक अकादमी निमोरा में प्रशिक्षण ले रहे हैं। इस दौरान उन्होंने अपनी पारिवारिक पृष्ठभूमि के बारे में भी जानकारी दी।
इसके साथ ही कलेक्टर दीपक सोनी ने कसडोल विकासखंड के ग्राम पंचायत कटगी के 19वीं रैंक हासिल करने वाले अजय कुमार देवांगन और उनके पिता से बातचीत कर बधाई दी और उनका हौसला बढ़ाया।
कोरिया जिले में पदस्थ रोजगार अधिकारी ने साबित किया कि मेहनत, लगन और जुनून का कोई विकल्प नहीं
जिले के छोटे से गांव कोसमंदी में जन्मे रविशंकर वर्मा की कहानी उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद बड़े सपने देखने की हिम्मत रखते हैं। किसान पिता बालकृष्ण और गृहिणी मां योगेश्वरी के इस बेटे ने अपने दृढ़ निश्चय और समर्पण से वह मुकाम हासिल किया, जो लाखों अभ्यर्थियों का सपना होता है—डिप्टी कलेक्टर बनना।




