रायपुर। राजधानी से लगे हुए खरोरा थाना इलाके में 74 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी पत्नी की हत्या कर खुद को पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। बुजुर्ग कुछ दिन पहले ही 20 साल के बाद अयोध्या से लौटा था। घर लौटते ही उसका उसकी पत्नी के साथ लगातार विवाद होने लगा, जिससे तंग आकर उसने तकिये से मुंह दबाकर अपनी 71 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार; मृतका की पहचान शांति धीवर और आरोपी की पहचान बिषरू धीवर के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिलते ही खरोरा थाने से टीम रायपुर रवाना हुई और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मामला खरोरा थाना के बेलटुकरी गांव का है। जानकारी के अनुसार, बिषरू धीवर बीते 20 साल से अयोध्या में रह रहा था। कुछ माह पहले ही विषरू अयोध्या से वापस अपने घर लौटा था।
यहां वो अपने पुराने घर में रहने लगा था। उस घर में केवल बिषरू, उसकी पत्नी शांति और उनका 45 वर्षीय बेटा रहते थे। बेटे की पत्नी उसे छोड़कर जा चुकी है। वह तिल्दा में एक उद्योग में काम करता है। घर लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच पुराने संबंधों को लेकर विवाद होता था। गुरुवार को दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि विषरू अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के समय घर में केवल बिषरू और शांति मौजूद थे। पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका जताई है कि महिला की तकिए से मुंह और गला दबाकर हत्या की गई है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारण की पुष्टि हो सकेगी।
खरोरा थाना प्रभारी दीपक पासवान ने बताया कि घटना की जांच जारी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है।




