नई दिल्ली। बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत का जश्न मातम में बदल गया जब विक्टरी परेड के दौरान भीषण भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में कई लोगों की जान चली गई और दर्जनों घायल हो गए। भारी भीड़ के बीच यह घटना हुई, जब लाखों की संख्या में लोग आरसीबी की पहली आईपीएल ट्रॉफी की जीत का जश्न मनाने पहुंचे थे।
अन्नदाताओं का अर्धनग्न प्रदर्शन: घुटनों के बल SDM कार्यालय पहुंचे किसान, समर्थन मूल्य पर जल्द मूंग खरीदी की मांग
घटना के बाद परेड को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। हालांकि मृतकों की आधिकारिक संख्या अब तक नहीं बताई गई है। घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है।
हादसे के तुरंत बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गए। भाजपा ने इस दुर्घटना के लिए कर्नाटक की कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने कहा, “यह हादसा सरकार की लापरवाही का नतीजा है। बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और योजना के इतनी बड़ी परेड आयोजित की गई। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ा।” विजयेंद्र घायलों से मिलने अस्पताल भी पहुंचे।
बेंगलुरु में RCB विक्ट्री परेड में मची भगदड़, कई मौतें, जश्न में बदला मातम
वहीं, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने हादसे पर गहरा दुख जताया और कहा कि अभी मृतकों की सही संख्या बताना संभव नहीं है। उन्होंने कहा, “हमने पुलिस कमिश्नर और अन्य अधिकारियों से बातचीत की है। लाखों की भीड़ थी। हमने तुरंत कार्यक्रम छोटा कर दिया और हालात सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं।” उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि “हम लोगों की सुरक्षा के लिए हैं, जबकि विपक्ष सिर्फ आरोप लगाने में लगा है।”
फिलहाल घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। सरकार ने जांच के आदेश दिए हैं और प्रशासन को भीड़ प्रबंधन में लापरवाही के लिए जवाबदेह ठहराया जा सकता है।
आरसीबी की ऐतिहासिक जीत का उत्सव एक भयावह त्रासदी में बदल गया, जिसने खेल की खुशी को गहरे शोक में बदल दिया। अब यह देखना होगा कि सरकार इस हादसे से क्या सबक लेती है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को कैसे टालती है।




