खैरागढ़। जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत अवेली में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। गांव के अटल चौक में स्थापित भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने जूतों की माला पहनाकर अपमानित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह जब ग्रामीण रोज की तरह उठे और चौक से गुजरते समय प्रतिमा की स्थिति देखकर हैरान रह गए। प्रतिमा पर जूतों की माला देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने तुरंत जालबांधा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्राम कोतवाल की सहायता से प्रतिमा से जूतों की माला हटवाई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Read Also- बीजापुर का भैरमगढ़ और जांगला थाना अलर्ट पर, ग्रामीण की वेशभूषा में घूम रहे नक्सली… ट्रक में की आगजनी
ग्रामीणों ने बताया कि अटल चौक के पास के मैदान में दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसका समापन बीती रात हुआ। कार्यक्रम देर रात लगभग 2 बजे तक चला और इसके बाद सभी ग्रामीण अपने-अपने घर लौट गए। ग्रामीणों को संदेह है कि यह घटना रात 2 बजे से सुबह 6 बजे के बीच की है। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह 4 बजे के आसपास इलाके की लाइट बंद हो गई थी, जिससे संदेह है कि अंधेरे का फायदा उठाकर इस घटना को अंजाम दिया गया।
Read Also- रायपुर के पॉश इलाके में दिनदहाड़े हुई लूट मामले में पुलिस ने किया खुलासा, महाराष्ट्र से चार आरोपियों को पकड़ा
विद्युत विभाग का भी कहना है कि उनकी ओर से बिजली बंद नहीं की गई थी, जिससे यह स्पष्ट होता है कि असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर बिजली काटकर घटना को अंजाम दिया गया। इस घटना को लेकर ग्राम पंचायत अवेली के पूर्व सरपंच व भाजपा नेता डोरेलाल साहू ने गहरी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि “मैंने इस घटना की सूचना वरिष्ठ भाजपा नेताओं को दे दी है। यदि जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो हम सभी ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।”
Read Also- महंगी शराब की लत ने युवक को बनाया चोर, आरोपी गिरफ्तार…
पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की तलाश की जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने इस शर्मनाक घटना पर कड़ी निंदा करते हुए जल्द न्याय की मांग की है।




