बिलासपुर। जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए रविवार को बड़ी कार्रवाई की। एक ही दिन में प्रशासन की 70 टीमों ने 85 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान जेसीबी, पोकलेन, हाईवा और ट्रैक्टर समेत कुल 52 गाड़ियां जब्त की गईं। साथ ही कई स्थानों पर अवैध रूप से संग्रहित रेत को भी जब्त किया गया और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
कार्रवाई के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि यह अभियान केवल एक शुरुआत है और रेत माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
बताते चलें कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में अवैध रेत उत्खनन को लेकर जनहित याचिकाओं पर लगातार सुनवाई चल रही है। बावजूद इसके रेत माफिया बेलगाम होकर खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं। कभी गोलीकांड तो कभी मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे थे।
इन हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने सख्ती दिखाई है। शनिवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने जिला खनिज टास्क फोर्स की आपात बैठक बुलाई थी। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की जाए और एफआईआर दर्ज कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्रवाई बिना किसी दबाव के, पूरी निष्पक्षता और बेखौफ होकर की जाए। प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी इसी तरह की सघन कार्रवाई होती रहेगी ताकि अवैध उत्खनन पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।




