कोटा तहसील के ग्राम तेन्दुआ में पदस्थ पटवारी रेवती रमन सिंह को शासकीय भूमि के अवैध विक्रय में शामिल होने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (रा.) कोटा, जिला बिलासपुर ने की है। शिकायत के आधार पर प्रारंभिक जांच में पाया गया कि पटवारी ने जंगल मद की खसरा नंबर 69/2 की भूमि को गलत तरीके से बेचने का प्रयास किया था। छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के तहत निलंबन की कार्यवाही की गई है।
बिलासपुर में रेत माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, 85 ठिकानों पर छापे, 52 वाहन जब्त
निलंबन के दौरान रेवती रमन सिंह को तहसील कार्यालय रतनपुर में अटैच किया गया है और उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। साथ ही तहसीलदार कोटा को निर्देश दिए गए हैं कि वे एक सप्ताह के भीतर निलंबित पटवारी को नोटिस जारी कर विभागीय जांच शुरू करें। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्राम तेन्दुआ के हल्का नंबर 11 का अतिरिक्त प्रभार पटवारी विनय बोले को सौंपा गया है। इस कार्रवाई से सरकारी जमीनों की अवैध बिक्री पर कड़ी नजर रखने का संदेश मिला है।




