रायगढ़। जिले के धनागर गांव के युवाओं ने सोमवार को जिंदल सीमेंट प्लांट के खिलाफ कड़ी नाराजगी जताते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। युवाओं ने कंपनी द्वारा जमीन अधिग्रहण के समय किए गए रोजगार देने के वादे को पूरा नहीं करने का लगाया आरोप।
मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगे धनागर गांव के युवाओं ने आज सुबह जिंदल कंपनी के सीमेंट प्लांट के सामने अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया. इस दौरान काम में लगे वाहनों को रूकवा दिया गया. युवाओं का कहना है कि कंपनी ने जमीन अधिग्रहण के समय रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन वर्षों बाद भी उसे पूरा नहीं किया गया, जिससे उनमें भारी आक्रोश है. वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन मिला है.
सीमेंट प्लांट के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे देवा पटेल ने बताया कि इससे पहले अपनी मांगों को लेकर उनके द्वारा कई बार धरना प्रदर्शन किया जा चुका है, मगर लगातार आश्वासन मिलता रहा है. देवा ने बताया कि पिछली बार आंदोलन करने के दौरान जिंदल कंपनी के अधिकारियों के द्वारा उसे गाड़ी से कुचलने का प्रयास भी किया गया था. साथ ही साथ उनके साथ मारपीट की गई थी.
कलेक्टर से मिलकर करेंगे शिकायत, NH पर चक्काजाम की चेतावनी
देवा पटेल और प्रदर्शनकारी युवाओं ने घोषणा की है कि वे जल्द ही जिला कलेक्टर से मिलकर इस वादाखिलाफी की शिकायत करेंगे और अगर उनकी मांगों पर अमल नहीं होता है तो वे आगामी दिनों में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर चक्काजाम करने की योजना भी बना चुके हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि स्थानीय प्रशासन और जिंदल कंपनी इस मसले को सुलझाने के लिए क्या कदम उठाते हैं। यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो यह विरोध और भी व्यापक रूप ले सकता है और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी प्रभावित हो सकती है।




