गरियाबंद। फिंगेश्वर ब्लॉक से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां मृत शिक्षकों की विधवाओं से पेंशन प्रकरण बनाने के नाम पर रिश्वत लेने वाले दो लिपिकों को निलंबित कर दिया गया है। खोरबहारा ध्रुव और मजहर बेग, जो फिंगेश्वर ब्लॉक में लिपिक पद पर पदस्थ थे, पर 4.80 लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप सिद्ध हुआ है।
पीड़ित दो विधवा महिलाओं ने आरोप लगाया था कि पेंशन स्वीकृति और भुगतान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए इन दोनों लिपिकों ने मोटी रकम की मांग की थी।इस गंभीर आरोप को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी ने एक जांच समिति गठित की, जिसकी रिपोर्ट में दोनों आरोपियों को दोषी पाया गया।
आपको बता दें कि इस मामले में दोनों पर एफआईआर दर्ज किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया था। फिंगेश्वर और छूरा थाना में दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बाद गिरफ्तारी की गयी थी। मामले में गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।
जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों लिपिकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी व्यवस्था में इस तरह की भ्रष्ट मानसिकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




