गुरुग्राम
हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां राज्य स्तरीय टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की उसके पिता ने ही गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात गुरुग्राम के सुशांत लोक फेस 2 स्थित जी ब्लॉक में उनके घर पर हुई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10.30 बजे राधिका यादव को उनके पिता ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से तीन गोलियां मारीं। गंभीर रूप से घायल राधिका को परिवार के लोगों ने तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
राधिका यादव राज्य स्तर की जानी-मानी टेनिस खिलाड़ी थीं और उन्होंने कई प्रतियोगिताओं में पदक जीते थे। खेल के प्रति उनका समर्पण इतना था कि उन्होंने खुद की टेनिस एकेडमी शुरू की थी, जहां वह बच्चों को टेनिस का प्रशिक्षण देती थीं। इस घटना से खेल जगत और शहर के लोगों में शोक और आक्रोश है।
पुलिस के अनुसार हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है। सेक्टर 56 थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका के चाचा ने शुरू में कुछ भी बताने से इनकार किया, लेकिन जांच में यह स्पष्ट हो गया कि गोली राधिका के पिता ने ही चलाई थी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हुई पिस्तौल को जब्त कर लिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है, जिसमें परिवारिक विवाद और मानसिक स्थिति जैसे पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। राधिका की हत्या ने न केवल खेल जगत को झकझोर दिया है, बल्कि एक सफल और प्रेरणादायी महिला खिलाड़ी की असमय मौत ने समाज को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है।




