रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले विधानसभा के समिति कक्ष में कार्य मंत्रणा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की।
छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र: पूर्व राज्यपाल शेखर दत्त व राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह को दी गई श्रद्धांजलि
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, विधायक अजय चंद्राकर, विधायक धर्मजीत सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में आगामी सत्र की रूपरेखा और सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए रणनीति पर चर्चा की गई। विधानसभा का यह सत्र 14 जुलाई से शुरू होकर 18 जुलाई तक चलेगा, जिसमें कुल पांच बैठकें होंगी।
सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष दोनों पक्षों के विधायकों की ओर से कुल 996 प्रश्न लगाए गए हैं। इसमें विपक्ष के साथ ही सत्ता पक्ष के विधायक भी मंत्रियों से जवाब मांगेंगे।
सत्र के पहले दिन की कार्यवाही दिवंगत वरिष्ठ शख्सियतों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ शुरू होगी। बैठक में विधानसभा की कार्य प्रणाली को बेहतर बनाने, प्रश्नकाल के संचालन और प्रमुख विधायी कार्यों को समयबद्ध तरीके से निपटाने पर भी चर्चा की गई।
सत्र के दौरान खाद, बिजली, कानून व्यवस्था, और किसानों की समस्याओं जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। विपक्ष पहले ही सरकार को घेरने की तैयारी कर चुका है, जिससे सत्र के दौरान बहस तेज होने के आसार हैं।




