धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत मंगलवार को धमतरी जिले के 131 श्रद्धालु अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। यह सभी श्रद्धालु अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन करेंगे। रवाना होने से पहले नगर पालिका परिसर से इन श्रद्धालुओं के जत्थे को महापौर रामू रोहरा ने हरी झंडी दिखाकर विदा किया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत रोमा श्रीवास्तव, उप संचालक समाज कल्याण विभाग मनीषा पांडे और जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
राज्य शासन द्वारा शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य ऐसे श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम तक पहुँचने का अवसर देना है, जो आर्थिक कारणों से वहां नहीं जा पाते। योजना के तहत प्रदेशभर से चयनित श्रद्धालुओं को निःशुल्क ट्रेन यात्रा करवाई जा रही है। इस पहल से धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के प्रति आमजन की आस्था और जुड़ाव को मजबूती मिल रही है।
जिला स्तर पर जनपद पंचायतों के अध्यक्षों ने भी श्रद्धालुओं को विदाई दी। जनपद पंचायत धमतरी से अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव, नगरी से प्रकाश बैस, मगरलोड से अध्यक्ष वीरेन्द्र साहू एवं उपाध्यक्ष खिलेश साहू तथा कुरूद से अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू ने अयोध्या धाम रवाना होने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
इस योजना के तहत प्रत्येक जिले से चरणबद्ध रूप से श्रद्धालुओं को अयोध्या भेजा जा रहा है, जिससे वे प्रभु श्रीराम के दर्शन कर सकें और धार्मिक आस्था को सजीव अनुभव कर सकें।




