रायपुर। राजधानी रायपुर की सेंट्रल जेल में सोमवार को गैंगवार जैसी बड़ी वारदात सामने आई है, जिससे जेल परिसर में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, विचाराधीन कैदियों के बीच हुए विवाद के दौरान युवा कांग्रेस नेता आशीष शिंदे पर कैदी साई ने ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में आशीष शिंदे को चेहरे, हाथ और छाती में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
सूत्रों के अनुसार, आशीष शिंदे करोड़ों की ठगी के आरोप में जेल में बंद तांत्रिक केके श्रीवास्तव का करीबी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में हमले की वजह कैदियों के बीच पुरानी रंजिश मानी जा रही है।
जेल प्रशासन की लापरवाही को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि एक विचाराधीन कैदी के पास ब्लेड जैसे धारदार वस्तु कैसे पहुंची। फिलहाल जेल प्रबंधन ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।
इस घटना के बाद जेल परिसर में तनाव का माहौल है। उच्च अधिकारियों ने जेल का दौरा कर हालात का जायजा लिया है।




