नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में मानसून सीजन के बावजूद नक्सल विरोधी अभियान तेज़ी से जारी है। शुक्रवार को सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली, जब नारायणपुर और महाराष्ट्र सीमा से लगे अबूझमाड़ के जंगलों में मुठभेड़ के दौरान छह नक्सली लीडर मारे गए। मारे गए सभी नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
अबूझमाड़ में बड़ा ऑपरेशन: मुठभेड़ में 6 नक्सली लीडर ढेर, भारी मात्रा में हथियार जब्त
हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद
मुठभेड़ स्थल से AK-47, SLR राइफल सहित अन्य स्वचालित हथियार, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई हैं। यह मुठभेड़ शुक्रवार दोपहर से रुक-रुक कर जारी थी।
अब भी चल रहा है सर्च ऑपरेशन
सुरक्षा एजेंसियों को अबूझमाड़ क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमों ने सर्चिंग अभियान शुरू किया था। अधिकारी के अनुसार, अभी भी अभियान जारी है और जंगल के अन्य हिस्सों में तलाशी ली जा रही है।
लगातार जारी है दबाव
इस मुठभेड़ को नक्सल विरोधी रणनीति की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अबूझमाड़ क्षेत्र को नक्सलियों का गढ़ माना जाता है, और मानसून में भी चलाए जा रहे इस अभियान से नक्सल नेटवर्क पर गहरा असर पड़ने की उम्मीद है।




