रायपुर। राज्य में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 18 जिलों में भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो सकता है, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने सतर्कता बरतने की अपील की है।
शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगे राघव जुयाल, निभाएंगे जैकी श्रॉफ के बेटे का किरदार
मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 18 जुलाई 2025 तक छत्तीसगढ़ में औसतन 424.4 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है, जो कि सामान्य से 4 फीसदी अधिक है। इसमें बलरामपुर जिले में सबसे अधिक 709.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
गौरतलब है कि मानसून इस वर्ष निर्धारित समय से 8 दिन पहले, 24 मई को ही केरल पहुंच गया था, जबकि सामान्यत: यह 1 जून को आता है। यदि मानसून अपने निर्धारित समय पर 15 अक्टूबर को लौटता है, तो इस बार 145 दिनों की मानसूनी अवधि रहने की संभावना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस दौरान “मानसून ब्रेक” की स्थिति नहीं बनती, तो समय से पहले मानसून आने का लाभ कृषक वर्ग को भी मिल सकता है। फिलहाल बारिश की रफ्तार को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन दलों को अलर्ट पर रखा गया है।
लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें, जलजमाव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।




