जगदलपुर। लोहंडीगुड़ा पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह सफलता ग्राम तारागांव में मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई के तहत मिली। आरोपी के कब्जे से 2.57 लाख रुपये मूल्य का 51.520 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है।
थाना प्रभारी रवि कुमार बैगा ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी राजेश्वर यादव (24 वर्ष), निवासी पुसपाल, जिला सुकमा, ओडिशा के मलकानगिरी से रायपुर की ओर नीले रंग की पुरानी कार (सीजी 05 एफ 0703) में गांजा लेकर जा रहा था। पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखे गए 6 पैकेट गांजा बरामद किए गए।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। यह कार्रवाई अंतरराज्यीय गांजा तस्करों पर नकेल कसने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।




