रायपुर। राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में अपराधियों द्वारा ई-कॉमर्स वेबसाइट्स से चाकू मंगवाकर अपराध करने के मामलों में तेजी आई है। हाल ही में मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप मैनेजर की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें ऑनलाइन ऑर्डर किए गए चाकू का इस्तेमाल हुआ था।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज का दौरा कार्यक्रम, कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा
इस चौंकाने वाली जानकारी के सामने आने के बाद रायपुर पुलिस ने फ्लिपकार्ट और कोरियर डिलीवरी कंपनी ‘इलास्ट्रिक रन’ के कुल 6 कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें 2 मैनेजर, 1 सुपरवाइजर और 3 डिलीवरी बॉय शामिल हैं।
हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए कुणाल तिवारी उर्फ लालू (निवासी अभनपुर) और समीर टंडन ने पूछताछ में कबूल किया कि उन्होंने फ्लिपकार्ट से चाकू मंगवाया और उसी से पेट्रोल पंप मैनेजर की हत्या की।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किए गए कर्मचारी हैं – गुलरेज अली, मोहित कुमार, अभिजीत गोस्वामी, दिनेश कुमार, हरिशंकर साहू और आलोक साहू।
इन सभी के खिलाफ थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 293/25, धारा 125(बी), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि कंपनी के अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और संलिप्तता पाए जाने पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
इस घटना ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के ज़रिये हथियारों की डिलीवरी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिस पर अब प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है।




