आरा (भोजपुर)। पटना एसटीएफ और बिहिया थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार सुबह भोजपुर जिले के कटेया गांव के पास मुठभेड़ हुई, जिसमें गैंगस्टर चंदन मिश्रा हत्याकांड में वांछित तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। इस मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगी है।
पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी
पुलिस अधीक्षक (SP) राज ने जानकारी दी कि सुबह करीब 5 बजे पुलिस टीम ने कटेया रोड के पास घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो अपराधी बलवंत सिंह और रवि रंजन सिंह को गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी अभिषेक कुमार को बिना घायल हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
- बलवंत सिंह — चक्की थाना, बक्सर (लीलाधरपुर गांव)
- रवि रंजन सिंह — बिहिया थाना, भोजपुर (चकराही गांव)
- अभिषेक कुमार — चक्की थाना, बक्सर (परसिया गांव)
बरामदगी और पूछताछ
पुलिस ने मौके से दो पिस्टल, एक देसी कट्टा, दो मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पटना के पारस अस्पताल में हुए चंदन मिश्रा हत्याकांड में सक्रिय रूप से शामिल थे।
अस्पताल में इलाज जारी, स्थिति खतरे से बाहर
दोनों घायल बदमाशों का इलाज सदर अस्पताल, आरा में चल रहा है। बलवंत सिंह के दोनों हाथ और पैरों में गोली लगी है, जबकि रवि रंजन सिंह को बाईं जांघ में गोली लगी है। दोनों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और एक्स-रे रिपोर्ट का इंतजार है।




