बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेखौफ नजर आए। गुंडरदेही थाना क्षेत्र के डौकीडीह गांव में मंगलवार को पुरानी रंजिश के चलते चॉइस सेंटर संचालक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। दो अज्ञात आरोपियों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और मौके से फरार हो गए।
छत्तीसगढ़ में आफत बनकर बरसेंगे बादल! अगले चार दिन भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट, मौसम विभाग ने दी सतर्क रहने की चेतावनी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डौकीडीह गांव स्थित एक चॉइस सेंटर में दो युवक पहुंचे और पुरानी बातों को लेकर संचालक से बहस करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने धारदार चाकू से युवक के हाथ, जांघ और कमर पर हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुट गई है। फिलहाल गांव में घटना को लेकर दहशत का माहौल है।




