जशपुर। जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम अंकिरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य सी.एस. पैकरा पर शराब पीकर स्कूल आने की शिकायत सामने आई है। इस पर कलेक्टर रोहित व्यास ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्राचार्य को हटाने के निर्देश दिए हैं।
भूस्खलन के चलते कई ट्रेनें रद्द, बस्तर सांसद महेश कश्यप ने दी जानकारी
यह निर्णय कलेक्टर द्वारा बुधवार को विद्यालय निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों की शिकायत पर लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम अंकिरा के प्राथमिक विद्यालय और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का जायजा लिया और शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षकों की उपस्थिति, पुस्तक वितरण, स्कूल भवन की स्थिति और स्वच्छता की विस्तृत समीक्षा की।
कलेक्टर व्यास ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि गैरहाजिर विद्यार्थियों के घर जाकर पालकों से संपर्क करें और बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें।
साथ ही उन्होंने प्राथमिक विद्यालय भवन की मरम्मत के लिए जल्द प्रस्ताव भेजने, प्रायोगिक लैब की सफाई सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों को प्रयोगिक उपकरणों के माध्यम से पढ़ाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि जिन विद्यार्थियों का जाति प्रमाण पत्र नहीं बना है, उनके प्रमाण पत्र शीघ्र बनाए जाएं। विद्यालय परिसर की नियमित सफाई और अनुशासित वातावरण बनाए रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।




