रायपुर। राजधानी की पहचान मानी जाने वाली VIP रोड शनिवार को किसी उपेक्षित मोहल्ले की तरह नजर आई। देर रात से जारी बारिश ने इस पॉश इलाके के ड्रेनेज सिस्टम की हालत उजागर कर दी। अब इस जलभराव का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि VIP रोड पर पानी इतना भर गया है कि गाड़ियों के टायर तक डूब गए हैं।
सड़क पर तैरती गाड़ियां, आवाजाही में दिक्कत
वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि जिस सड़क पर दिन-रात वीआईपी मूवमेंट रहता है, वहां जलभराव के चलते लोगों को आवाजाही में खासी परेशानी हो रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई गाड़ी फंसी नहीं, लेकिन इस जलभराव ने नगर प्रशासन की तैयारी पर सवालिया निशान जरूर खड़े कर दिए हैं।
प्रोफेसर कॉलोनी में भी हाल बेहाल
VIP रोड के साथ-साथ प्रोफेसर कॉलोनी में भी यही हाल रहा। वहां के रहवासी हाईवे तक पहुंचकर प्रदर्शन करने पर मजबूर हो गए।
बारिश के एक झोंके में डूब गई व्यवस्था
शहर के इस एलिट ज़ोन में जल निकासी की व्यवस्था को लेकर वर्षों से बड़े-बड़े दावे किए जाते रहे हैं, लेकिन सिर्फ एक रात की बारिश ने ही सारे दावों की हकीकत उजागर कर दी।




