बीजापुर। जिले के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में अब तक 4 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। मौके से INSAS और SLR राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई 2025 की शाम से सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है। क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन को गोपनीय रखा है।
ऑपरेशन अभी भी जारी है, लिहाजा मुठभेड़ स्थल, बलों की संख्या और अन्य रणनीतिक जानकारियों को अभी साझा नहीं किया जा रहा है ताकि ऑपरेशन में लगे जवानों की सुरक्षा को कोई खतरा न हो।
अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन के पूर्ण होने के बाद विस्तृत जानकारी प्रेस के माध्यम से साझा की जाएगी। फिलहाल मौके पर अतिरिक्त बल भी तैनात कर दिए गए हैं।




