रायगढ़। छत्तीसगढ़ के घरघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंचनपुर में बीती रात मवेशी तस्करी की बड़ी वारदात का खुलासा हुआ है। पुलिस ने गौ-संरक्षण से जुड़े संगठनों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो पशु तस्करों को 52 मवेशियों के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एशिया कप 2025 का शेड्यूल घोषित: 14 सितंबर को होगा भारत-पाकिस्तान महामुकाबला, जानिए पूरा कार्यक्रम
गौ-पुत्र सेना की सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई की रात घरघोड़ा डॉयल 112 को मवेशी तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने थाना प्रभारी कुमार गौरव के निर्देश पर ग्राम कंचनपुर मेन रोड में दबिश दी। मौके पर गौ-पुत्र सेना के कार्यकर्ताओं ने दो तस्करों को मवेशियों के साथ पकड़ लिया, जो भूखे-प्यासे और बुरी हालत में 52 मवेशियों को बूचड़खाने ले जा रहे थे।
आरोपियों पर पशु क्रूरता का केस दर्ज
पुलिस ने रामसिंह सिदार (52 वर्ष) और सुखसाय सिदार (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी ग्राम कटघरा बैस्कीमुडा, थाना लैलूंगा के निवासी हैं। मौके से सभी मवेशियों को सुरक्षित थाने लाया गया। गौ-पुत्र सेना के कार्यकर्ता घुदास महंत की लिखित शिकायत पर पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10, 11 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
शनिवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को स्थानीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले की आगे की जांच जारी है।




