बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ज़िले में मस्तूरी-रायपुर नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक हादसे में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पर बैठी 18 गायों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि करीब आधा दर्जन मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना 27 जुलाई की रात कड़ार-सारधा चौक के पास हुई, जिसकी जानकारी अगले दिन सुबह गौ सेवकों को लगी।
लोकसभा में विपक्ष का भारी हंगामा: स्पीकर ने राहुल गांधी को लगाई फटकार, कहा- जनता ने पर्चियां फेंकने के लिए नहीं भेजा
घटना के बाद गौ सेवक मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए भेजा। वहीं, मृत मवेशियों का मौके पर ही अंतिम संस्कार किया गया। आक्रोशित गौ सेवकों ने चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए अज्ञात वाहन चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
गौरतलब है कि 13 दिन पहले 14 जुलाई को रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर भी इसी तरह की एक घटना में 14 गायों की मौत हो गई थी। इसके बाद 15 जुलाई को हाईकोर्ट ने सरकार से यह सवाल किया था कि “सड़क पर बैठे मवेशियों को हटाने की कोई ठोस योजना कब लागू होगी?”
सड़क पर जानवरों की मौजूदगी बनी खतरा
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि सड़कों पर आवारा मवेशियों की बढ़ती संख्या आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। रात के अंधेरे में वाहन चालकों को मवेशी नहीं दिखते, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है।
।




