बलौदाबाजार। त्योहारों के मद्देनज़र खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सघन जांच अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में सोमवार को भाटापारा में कई मिठाई दुकानों, होटलों और रेस्टोरेंट्स की गहन जांच की गई।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रेल मंत्री से की मांग, छत्तीसगढ़ में फास्ट मेमू/डेमू लोकल ट्रेन सेवा शुरू करने का आग्रह
10 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 4 को नोटिस
खाद्य सुरक्षा अधिकारी उमेश वर्मा के नेतृत्व में जांच टीम ने 10 प्रमुख मिठाई दुकानों और रेस्टोरेंट्स का निरीक्षण किया। इनमें से 4 प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और फूड हैंडलिंग मानकों के उल्लंघन पाए गए। इन संचालकों को नोटिस जारी करते हुए 5 दिन के भीतर सुधार के निर्देश दिए गए हैं।
51 खाद्य पदार्थों की मोबाइल लैब से जांच, 2 फेल
इस अभियान में चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (Mobile Food Testing Lab) की सहायता ली गई, जिससे मौके पर ही 51 खाद्य पदार्थों की त्वरित जांच की गई। इनमें से 49 नमूने मानक अनुरूप पाए गए, जबकि 2 नमूने अवमानक घोषित किए गए।
ये मिठाइयां निकली हानिकारक
जिन दो खाद्य पदार्थों को अवमानक पाया गया, वे थे बालूशाही (Balu Shahi), गुलगुला भजिया (Gulgula Bhajiya)
इन दोनों को स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
अभियान जारी रहेगा
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और त्योहारी सीजन में किसी भी तरह की मिलावट या लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




