रायपुर/दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन से एक बच्चे को किडनैप किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने घंटों रेकी करने के बाद मौके का फायदा उठाकर बच्चे को ट्रेन में बिठाकर अपने साथ ले गया। सबसे हैरानी की बात यह है कि अब तक इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
CCTV फुटेज खंगाले जा रहे, रेलवे सूत्रों ने दी जानकारी
रायपुर रेल मंडल के एक उच्च पदस्थ अधिकारी ने बताया कि दुर्ग पोस्ट से इस घटना की सूचना मिली है। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अभी तक पुलिस या रेलवे सुरक्षा बल की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
बस्तर की बच्चियों को लेकर चर्चा में रहा स्टेशन, अब फिर सवालों के घेरे में
गौरतलब है कि दुर्ग रेलवे स्टेशन कुछ दिन पहले भी तब चर्चा में आया था, जब 2 नन समेत 3 बस्तर की आदिवासी बच्चियों को अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया था। उस प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी और मामला संसद तक गूंज उठा था। अब इस नए किडनैप प्रकरण से एक बार फिर स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। साथ ही इस मामले में राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज़ हो गई है।
मरौदा स्टेशन पर कपलिंग चोरी मामले में कार्रवाई ढीली
इधर मरौदा रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक ट्रेन से कपलिंग चोरी का मामला सामने आया था। इस मामले में आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त कार्रवाई में 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था। पूरी रात पूछताछ के बाद इन्हें सुबह छोड़ दिया गया। इससे रेलवे सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता पर सवाल उठ रहे हैं।




