बिलासपुर। जिले से एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली से टॉवल के विवाद ने एक परिवार को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया। जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी में छोटे भाई ने शराब के नशे में अपने ही बड़े भाई की ईंट मारकर हत्या कर दी।
Read Also- छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल की अहम बैठक आज, रजत जयंती वर्ष और खाद संकट पर हो सकती है चर्चा
मृतक की पहचान मंगली राम सूर्यवंशी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी छोटा भाई झंगल राम सूर्यवंशी है। जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन दोनों भाई एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इस दौरान मंगली राम ने अपने छोटे भाई झंगल राम से नाराजगी जताते हुए कहा कि उसका बेटा उसका टॉवल ले गया है। बात इतनी सी थी, लेकिन नशे में धुत दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।
Read Also- दुर्ग में ईडी-ईओडब्ल्यू की बड़ी कार्रवाई: मोक्षित कॉर्पोरेशन के ठिकानों पर छापेमारी
गुस्से में आकर झंगल राम ने पास में पड़ी एक भारी ईंट उठाई और मंगली राम के सीने पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण मंगली राम वहीं गिर पड़ा। परिवार के लोग तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी झंगल राम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल करते हुए कहा कि वह शराब के नशे में था और गुस्से में आकर यह कृत्य कर बैठा।




