भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई से ब्लैकमेलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरत में डाल दिया है। एक तलाकशुदा महिला ने एक सुरक्षा गार्ड को पहले नशीला खाना खिलाकर बेहोश किया, फिर उसकी आपत्तिजनक स्थिति में वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी और 5 लाख रुपए की मांग करने लगी। पीड़ित गार्ड ने मजबूरी में पिता की जमीन गिरवी रखकर महिला को 3 लाख रुपये तक दिए, लेकिन जब ब्लैकमेलिंग का सिलसिला थमा नहीं, तो आखिरकार उसने पुलिस की शरण ली। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक, जो मूल रूप से बालोद जिले के निपानी गांव का रहने वाला है, वर्ष 2020 से 2025 तक भिलाई-3 स्थित एक निजी सुरक्षा कंपनी (SPS) में गार्ड के रूप में कार्यरत था। वह कंपनी द्वारा आवंटित क्वार्टर में अपने दो साथियों के साथ रहता था। उसी क्वार्टर के पीछे एक तलाकशुदा महिला अपने दो बच्चों के साथ निवास करती थी। गार्ड ने पुलिस को बताया कि वह महिला किसी न किसी बहाने आए दिन उसके क्वार्टर में आने-जाने लगी थी।
Read Also- घर से निकलीं और फिर गायब हो गईं दो नाबालिग, पुलिस जुटी जांच में…
नशीली रोटी-सब्जी खिलाकर बनाया अश्लील वीडियो
एक दिन सुबह महिला ने गार्ड के लिए अपने घर से रोटी-सब्जी बनाकर लाने की बात कही। गार्ड ने बताया कि खाना खाने के तुरंत बाद वह बेहोश हो गया। जब उसे होश आया, तो उसने खुद को बिना कपड़ों के पाया और महिला पास में बैठकर उसका वीडियो बना रही थी। जब उसने विरोध किया, तो महिला वहां से चली गई। इसके बाद 15 मई को महिला ने उसे वीडियो दिखाया और कहा कि यदि उसने 5 लाख रुपए नहीं दिए, तो यह वीडियो वायरल कर देगी।
पिता की जमीन गिरवी रखकर दिए 3 लाख रुपए
लगातार धमकियों से परेशान होकर गार्ड ने 17 मई को नौकरी छोड़ दी और अपने गांव लौट गया। लेकिन वहां पहुंचने के बाद भी महिला ने फोन करके वीडियो वायरल करने की धमकियां जारी रखीं। मजबूरी में गार्ड ने अपने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी। उसके पिता ने जमीन गिरवी रखकर जैसे-तैसे 3 लाख रुपये का इंतजाम किया। इसके बाद गार्ड अपने पिता और भाई के साथ महिला के घर पहुंचा और तीन लाख रुपये देकर वीडियो डिलीट करने को कहा, लेकिन महिला ने साफ इनकार कर दिया और पूरे 5 लाख रुपए की मांग पर अड़ी रही।
Read Also- दिल्ली दौरे से लौटे मुख्यमंत्री साय: पीएम मोदी, अमित शाह समेत कई केंद्रीय नेताओं से की मुलाकात
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
ब्लैकमेलिंग से तंग आकर अंततः पीड़ित गार्ड ने भिलाई-3 थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्य और घटनाक्रम के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। जल्द ही आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।




