रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह अपने तीन दिवसीय दिल्ली दौरे से लौट आए। 30 जुलाई से 1 अगस्त तक चले इस दौरे में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने छत्तीसगढ़ सदन में प्रदेश के सांसदों के लिए भोज का आयोजन किया, वहीं केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के निवास पर आयोजित भोज में भी शामिल हुए।
इस दौरान मुख्यमंत्री साय संसद भवन भी पहुंचे, जहां उन्होंने अपने पुराने साथियों से मुलाकात की। दिल्ली दौरा न सिर्फ राजनीतिक बल्कि संगठनात्मक दृष्टिकोण से भी बेहद महत्वपूर्ण रहा।
Read Also- प्राइवेट स्कूलों की फीस नियंत्रित कर सकेगी राज्य सरकार, फीस नियंत्रण कानून 2020 को हाईकोर्ट ने माना संवैधानिक
‘विजन अंजोर@2047’ और राज्योत्सव पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री की केंद्रीय नेताओं से हुई मुलाकातों में छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में तैयार की गई योजना ‘विजन अंजोर@2047’ पर चर्चा हुई। इसके साथ ही राज्य स्थापना के 25वें वर्ष यानी रजत जयंती वर्ष में आगामी छह महीनों तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और राज्योत्सव की रूपरेखा पर भी मंथन किया गया।
मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत
दिल्ली से लौटते वक्त रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री साय ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा, इंतजार कीजिए, जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार होगा।
Read Also- स्कूल भवन में करंट आने से हड़कंप, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, ताला जड़कर नए भवन की मांग
बस्तर ओलंपिक को ‘खेलो इंडिया ट्राइब गेम्स’ के रूप में विकसित करने की योजना
मुख्यमंत्री ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सरकार द्वारा किए गए कार्यों और सफल प्रयासों की जानकारी केंद्रीय नेतृत्व को दी। उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक को ‘खेलो इंडिया ट्राइब गेम्स’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे बस्तर को देश-विदेश में एक नई पहचान मिलेगी और क्षेत्र में चल रहे नक्सल उन्मूलन प्रयासों को और गति मिलेगी।




