छुरिया (राजनांदगांव)। जिले के छुरिया ब्लॉक के मोरकुटुम्ब गांव में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भवन में अचानक करंट आ गया। घटना के बाद नाराज़ ग्रामीणों ने स्कूल भवन में ताला जड़कर शाला प्रांगण में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि स्कूल में पढ़ने आए बच्चों को अचानक करंट का झटका लगा, जिससे छात्र डर कर इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि तुरंत बिजली कनेक्शन काट दिया गया, वरना बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। घटना की जानकारी मिलते ही ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) प्रशांत चिर्वतकर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही शांत हुए।
जर्जर भवन बना खतरे की जड़
ग्रामीणों का कहना है कि यह शाला भवन वर्ष 2006 में बना था और अब यह पूरी तरह जर्जर हो चुका है। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता है, जिससे भवन में करंट आने की संभावना बनी रहती है। यही कारण है कि शुक्रवार को यह हादसा हुआ।
तीन साल से कर रहे हैं शिकायत
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों में सरपंच कौशिल्या बाई, मयाराम साहू, ग्राम पटेल जयसिंग पडोटी, शाला समिति अध्यक्ष हरदेव कतलाम और पूर्व सरपंच सुरेश शोरी ने बताया कि वे पिछले तीन वर्षों से लगातार शासन, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को पत्र लिखकर भवन की मरम्मत और नए भवन निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों की मांग है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द नया भवन बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




