जगदलपुर, छत्तीसगढ़। जिले के परपा थाना क्षेत्र अंतर्गत हजारी गुड़ा गांव में एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे पास की पत्थर खदान के गहरे पानी से भरे गड्ढे में खेलते-खेलते जा पहुंचे और डूब गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला।
मृतक बच्चों की पहचान
पुलिस ने बताया कि संदीप नाग (5 वर्ष) और जय श्री (6 वर्ष) नामक दो मासूम बच्चे गांव में खेलते हुए खदान के पास जा पहुंचे। वहां पानी से भरे गड्ढे की गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण वे उसमें गिर गए और डूब गए। स्थानीय लोगों ने जब उन्हें नहीं देखा तो खोजबीन शुरू हुई और बाद में दोनों के शव पानी में मिले।
रेस्क्यू और पोस्टमॉर्टम
एसडीआरएफ की टीम को शव निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू के बाद शवों को जगदलपुर मेडिकल कॉलेज पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। परपा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
यह हादसा खदानों की अनदेखी और लापरवाह सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। ग्रामीणों ने खदान क्षेत्र को बैरिकेटिंग से सुरक्षित करने और ऐसे क्षेत्रों में बच्चों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है।
प्रशासन की जिम्मेदारी तय हो: स्थानीय लोग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस तरह की खुले खतरनाक जगहों को चिह्नित कर सुरक्षित करना प्रशासन और खदान संचालकों की जिम्मेदारी है। यदि समय रहते यह काम होता, तो शायद इन मासूमों की जान बच सकती थी।




