बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मौलाना ने अपनी चार माह की गर्भवती पत्नी सलमा की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी मौलाना कारी बशीर ने कथित तौर पर सलमा को टॉयलेट क्लीनर (एसिड) पिलाकर और मारपीट कर उसकी हत्या की, फिर शव को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर ले जाकर दफना दिया। यह घटना 12 जुलाई 2025 को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तालापारा इलाके में हुई थी।
कब्र से शव निकालकर हुई जांच
परिजनों की शिकायत और मांग पर 26 जुलाई 2025 को रामपुर जिले के मिलक थाना क्षेत्र में सलमा के शव को कब्र से निकाला गया। तीन डॉक्टरों की टीम, जिसमें एमओ डॉ. फारूख अहमद, डॉ. अजय कुमार और एलएमओ डॉ. अंजू सिंह शामिल थे, ने पोस्टमॉर्टम किया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सलमा के शरीर पर चार जगहों पर गंभीर चोट के निशान और एसिड से जलने की पुष्टि हुई।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के प्रमुख निष्कर्ष:
-
दाहिने ऊपरी सीने पर 2.5 सेमी लंबा और 2 सेमी चौड़ा घाव, कंधे से 5 सेमी नीचे।
-
दाहिने हाथ की कलाई के जोड़ के ठीक नीचे 4 सेमी लंबा और 3 सेमी चौड़ा चोट का निशान।
-
दाहिने भुजा पर 6 सेमी लंबा और 4 सेमी चौड़ा चोट का निशान, कंधे से 5 सेमी नीचे।
-
मुंह में एसिड से जलने के स्पष्ट निशान, जिसकी पुष्टि मृतका के भाई रागीब को मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने की।
डॉक्टरों ने मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए बिसरा (आंतरिक अंगों के नमूने) को जांच के लिए प्रिजर्व किया है।
हत्या का कारण अभी अस्पष्ट
पुलिस और परिजनों के अनुसार, सलमा का विवाह 14 साल पहले मौलाना कारी बशीर से हुआ था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि बशीर का किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध था, जिसके चलते वह सलमा को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था और आए दिन मारपीट करता था। 11 और 12 जुलाई को सलमा के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसमें गर्म आयरन से जलाने और टॉयलेट क्लीनर पिलाने की बात सामने आई है। हालांकि, हत्या का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।




