रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तिल्दा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 14, नेवरा में एक हृदयविदारक और सनसनीखेज घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। 55 वर्षीय क्षिता निर्मलकर की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। उनका शव नग्न अवस्था में चादर से ढका हुआ घर में मिला, जिससे हत्या के साथ-साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मानकर जांच शुरू कर दी है।
IED विस्फोट: युवक गंभीर रूप से घायल, दोनों हाथों की हथेलियों को नुकसान
संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव
क्षिता निर्मलकर का जीवन संघर्षों से भरा रहा। उनके पति कुमार निर्मलकर ने कई साल पहले उन्हें छोड़ दिया था, जिसके बाद वह अकेली रहकर जीवन यापन कर रही थीं। उनकी एक ब्याही बेटी अलग रहती है। मंगलवार को घटना की सूचना मिलने पर तिल्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर के पिछले हिस्से में गहरी चोट के निशान पाए गए, जो किसी भारी और कठोर वस्तु से हमले का संकेत देते हैं। पुलिस को दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका है, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
FSL और डॉग स्क्वाड की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए तिल्दा थाना पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और डॉग स्क्वाड की टीम को बुलाया। विशेषज्ञों ने घर के हर कोने की बारीकी से जांच की और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय कोई बाहरी व्यक्ति घर में मौजूद था या नहीं।




