मरवाही: बिलासपुर जिले के मरवाही विकासखंड में एक गंभीर मामले में कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वंशीताल में पदस्थ व्याख्याता विजय कुमार राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन का कारण मरवाही थाने में उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट (Protection of Children from Sexual Offences Act) और अनुसूचित जाति, जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत अपराध दर्ज होना है।
निलंबन का आधार
निलंबन आदेश में कहा गया है कि विजय कुमार राय के खिलाफ मरवाही थाने में दर्ज अपराध के बाद उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। उनके इस कृत्य से जिले और शिक्षा विभाग की छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा है। आदेश में उल्लेख किया गया है कि यह कृत्य शासकीय कर्मचारी आचरण नियमों का उल्लंघन है, जिसके चलते उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान विजय कुमार राय को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।




