रायपुर: छत्तीसगढ़ में साय कैबिनेट के मंत्रीमंडल विस्तार की चर्चा प्रदेश की राजनीति में जोरों पर है। मंत्री बनने की दौड़ में विधायक लॉबिंग और एप्रोच का सहारा ले रहे हैं। बीजेपी संगठन में चर्चा है कि 10 अगस्त को संभावित सूची जारी हो सकती है, लेकिन विस्तार 14 अगस्त के बाद ही संभव है। राज्यपाल रमेन डेका के विदेश प्रवास के कारण वे 14 अगस्त को वापस लौटेंगे, और उसके बाद मंत्रिमंडल विस्तार की तिथि तय होगी।
वर्तमान स्थिति
छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार को 1 साल 7 महीने से अधिक समय हो गया है, लेकिन मंत्रिमंडल का पूर्ण गठन अभी तक नहीं हुआ। साय कैबिनेट की शुरुआत में मुख्यमंत्री सहित 12 मंत्री शामिल थे, जबकि परंपरा के अनुसार 13 मंत्री होने चाहिए थे। बाद में लोकसभा चुनाव के दौरान बृजमोहन अग्रवाल के इस्तीफे के बाद मंत्री संख्या 11 रह गई। वर्तमान में दो पद रिक्त हैं।
संभावित बदलाव
रिक्त पदों के लिए 8 से अधिक विधायक दावेदारी कर रहे हैं। चर्चा है कि अमर अग्रवाल, अजय चंद्राकर, गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब और राजेश अग्रवाल में से तीन को शामिल किया जा सकता है। इसके लिए मौजूदा किसी एक मंत्री को हटाकर नई जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि, अंतिम निर्णय राज्यपाल के लौटने के बाद ही स्पष्ट होगा।




