रायपुर। राजधानी रायपुर से सटे खरोरा थाना क्षेत्र के पचरी गांव में शनिवार देर रात मां-बेटी की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान बिंदा बाई चतुर्वेदी और उनकी बेटी उषा मनहरे के रूप में हुई है। दोनों के शव घर के अंदर मिले।
जानकारी के अनुसार, घटना का पता तब चला जब आसपास के लोगों ने घर में कोई हलचल न होने पर झांककर देखा। अंदर मां-बेटी के शव पड़े थे, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर को घेराबंदी कर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। घटनास्थल को सील कर दिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आज, रविवार को फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंचकर घर का सील खोलेगी और साक्ष्य जुटाएगी।




