रायपुर। राजधानी में ड्रग्स का जाल तेजी से फैलता जा रहा है। गंज थाना क्षेत्र के एक नामी होटल से जुड़ा ड्रग्स सेवन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। करीब ढाई मिनट के इस वीडियो में एक युवती को 500 रुपये के नोट पर कोकीन की लाइन बनाकर सेवन करते हुए साफ देखा जा सकता है। पुलिस अब वीडियो की सत्यता, लोकेशन और युवती की पहचान की जांच कर रही है।
भारत की अर्थव्यवस्था पर वैश्विक मुहर, मुख्यमंत्री ने S&P अपग्रेड पर प्रधानमंत्री को दी बधाई
सूत्रों के अनुसार, पंजाब, राजस्थान और बिहार से रायपुर व आसपास के क्षेत्रों में ड्रग्स की सप्लाई हो रही है। तस्कर कोरियर सर्विस, ट्रांसपोर्ट लाइन और ट्रक ड्राइवरों के जरिए माल पहुंचाते हैं। रिंग रोड नंबर-2 इन दिनों तस्करी का नया ठिकाना बन गया है, जो भिलाई तक फैले नेटवर्क से जुड़ा है।
इसी बीच आमानाका पुलिस ने टाटीबंध-भनपुरी बायपास से दो तस्करों—सिल्वेस्टर राजेश उर्फ रामी और विजय सिन्हा—को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 14.9 ग्राम हेरोइन (कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये) बरामद हुई। दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि बाहरी राज्यों के सप्लायर ड्रग्स उपलब्ध कराते हैं, जिन्हें स्थानीय एजेंट आगे बेचते हैं।
पुलिस का मानना है कि राजधानी के कई होटल, रिसॉर्ट और फार्महाउस पर गुप्त रूप से ड्रग्स पार्टियां होती हैं, जिनमें अक्सर हाई-प्रोफाइल परिवारों के युवा शामिल होते हैं। यह मामला रायपुर के पार्टी कल्चर में नशे की गहराई को उजागर करता है।




