गरियाबंद, छत्तीसगढ़। गरियाबंद जिले के राजिम क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक अचानक हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़ गया। ये घटना फिंगेश्वर नगर पंचायत के जिला सहकारी बैंक के सामने हुई। युवक करीब एक घंटे तक तार पर बैठा रहा और हाई-वोल्टेज ड्रामा करता रहा। गनीमत रही कि जिस वक्त ये घटना हुई, इलाके की बिजली बंद थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक अचानक बिजली के खंभे पर चढ़ने लगा और देखते ही देखते हाईटेंशन तार तक पहुंच गया। ये खतरनाक नजारा देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फिंगेश्वर थाना पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक को नीचे उतारने की काफी कोशिश की। करीब एक घंटे तक चले इस ड्रामे के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी।
बड़ा हादसा टला
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक नशे की हालत में था। इसी वजह से उसने ये खतरनाक कदम उठाया। पुलिस ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वो नहीं माना।
ये बेहद राहत की बात रही कि जिस समय युवक तार पर चढ़ा, उस समय बिजली सप्लाई बंद थी। अगर बिजली चालू होती तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने बताया कि करीब एक महीने पहले इसी जगह पर एक ट्रांसफार्मर में आग लगने से एक ठेका कर्मचारी की मौत हो गई थी। इसी वजह से लोग और भी डरे हुए थे।
पुलिस और ग्रामीणों ने सुरक्षित उतारा
काफी मशक्कत के बाद आखिरकार पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने पुलिस और बिजली विभाग की तत्परता की सराहना की।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, “अगर बिजली चालू होती तो ये युवक जिंदा नहीं बच पाता। ये घटना दिखाती है कि नशे की हालत में इंसान कैसे अपनी जान जोखिम में डाल देता है।”
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। उसके परिवार को भी सूचना दी गई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक ने ऐसा क्यों किया। फिलहाल ये मामला नशे और मानसिक असंतुलन से जुड़ा हुआ लग रहा है।




