धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर नगर के रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी और एसडीएम पीयूष तिवारी ने की। इस दौरान तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और सभी संचालक मौजूद रहे। बैठक जिला एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुई।
बैठक में अधिकारियों ने संचालकों को कई दिशा-निर्देश दिए। इनमें संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने, रेस्टोरेंट व ढाबों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, पार्किंग व्यवस्था सुधारने और रात में निर्धारित समय सीमा का पालन करने पर जोर दिया गया।
साथ ही, अग्नि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर पूर्ण रोक लगाने की हिदायत दी गई।
सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने स्पष्ट कहा कि अगर ढाबे या रेस्टोरेंट में कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आता है तो तुरंत निकटतम थाने को सूचना दें। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी विवाद की जानकारी छुपाई न जाए। नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




