दंतेवाड़ा। जिले के किरंदुल थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जमीन विवाद और आपसी रंजिश के चलते एक महिला पर उसके ही देवर और उसकी पत्नी ने न केवल जानलेवा हमला किया, बल्कि उसकी अस्मिता को भी तार-तार करने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 9 अगस्त की रात की है, जब महिला घर में अकेली सो रही थी। 11 अगस्त को परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने महिला पर हमला कर उसे अर्धनग्न अवस्था में छोड़ दिया और उसके गुप्तांग में ठोस वस्तु डाल दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।
पूछताछ में पुलिस को संदेह महिला के देवर लखमा कुंजाम और उसकी पत्नी कुमे कुंजाम पर गया। बयानों में विरोधाभास और पड़ोसियों के बयान से यह स्पष्ट हुआ कि महिला पति की मौत के बाद अलग रह रही थी और अपनी जमीन किसी अन्य को देने का मन बना चुकी थी। इसी को लेकर विवाद चल रहा था।
सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि पहले गमछे से गला दबाकर महिला की हत्या करने की कोशिश की, और जब वह जिंदा बच गई तो उसके गुप्तांग में पेस्ट डालकर भाग निकले।
पुलिस ने 19 अगस्त को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस सनसनीखेज घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है।




