रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए अब पेट्रोल पम्प एसोसिएशन ने भी मोर्चा संभाल लिया है। शासन-प्रशासन के सहयोग से एसोसिएशन ने बड़ा फैसला लिया है, जिसके तहत बिना हेलमेट बाइक सवारों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा।
यह नियम 1 सितम्बर से रायपुर के सभी पेट्रोल पम्पों पर लागू होगा। पेट्रोल पम्प एसोसिएशन का कहना है कि हेलमेट को अनिवार्य बनाने से सड़क दुर्घटनाओं में जनधन की हानि को कम करने में मदद मिलेगी। इस फैसले को सख्ती से लागू कराने की जिम्मेदारी पुलिस और प्रशासन की होगी।
नियम लागू होने के साथ ही पेट्रोल पम्पों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे ताकि वाहन चालक पहले से ही सचेत रहें। वहीं यदि कोई बिना हेलमेट पेट्रोल की मांग करता है या पम्प कर्मियों से विवाद करता है, तो उसके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।




