रायपुर। राजधानी के माना नवोदय विद्यालय के हॉस्टल में बच्चों के साथ शिक्षक द्वारा की गई पिटाई का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद बाल आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने मामले का संज्ञान लिया और विद्यालय पहुंचकर पीड़ित बच्चों से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय के ज्योग्राफी शिक्षक ने बच्चों को पीटा, जिससे एक बच्चे के हाथ में फ्रैक्चर और पैर में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित बच्चे की स्थिति को देखते हुए विद्यालय की प्राचार्या ने तुरंत उसका एक्सरे कराया, जिसमें हाथ और पैर में चोट की पुष्टि हुई।
Read Also- शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बुजुर्ग पर हमला, CCTV में कैद हुई वारदात
बाल आयोग की अध्यक्ष डॉ. शर्मा ने कहा कि बच्चों के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और प्रारंभिक जांच में शिक्षक को निलंबित करने की अनुशंसा की गई है।
आयोग ने मामले की पूर्ण और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए बाल कल्याण समिति, रायपुर के एक सदस्य को भी जांच टीम में शामिल किया है। डॉ. शर्मा ने आश्वासन दिया कि आगे की कार्रवाई में त्वरित कदम उठाए जाएंगे और बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि रहेगी।




