रायपुर। राजधानी में सोमवार शाम सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां बाइक सवार बदमाशों ने युवक को बंदूक की नोक पर रोककर लूटपाट की और फायर कर दहशत फैला दी। वारदात सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के कुकुरबेड़ा डुमरतालाब स्थित विप्र कॉलेज के पास हुई। पुलिस ने आरोपी हरमीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बंदूक आरोपी के पास कहां से आई।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, उज्जवल निषाद (23) अपने दोस्त खूबचंद ठाकुर के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। इससे पहले दोनों SBI बैंक के एटीएम में पैसे जमा करने गए थे, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण लेन-देन नहीं हो सका। लौटते समय विप्र कॉलेज के पास बाइक सवार दो युवकों ने उनकी गाड़ी रोक ली। इनमें से एक ने सर पर सरदार फेटा बांध रखा था। बदमाशों ने उज्जवल को बंदूक दिखाकर पैसों की मांग की।
लूट और फायरिंग
डरे हुए उज्जवल ने अपनी जेब से 4,500 रुपये निकालकर दे दिए। इस दौरान बदमाशों ने जमीन पर फायर कर धमकाया और भागने लगे। पकड़ने की कोशिश में हुई धक्का-मुक्की के दौरान एक आरोपी का फेटा उज्जवल के हाथ में आ गया। घबराहट में दोनों आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही सरस्वती नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों की बाइक जब्त कर ली और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर पहचान कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।




