बलरामपुर। जिले के लुत्ती जलाशय का बड़ा हिस्सा मंगलवार रात टूट गया, जिससे नीचे स्थित दो मकान चपेट में आ गए। हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों समेत कुल सात लोग बह गए। इनमें से तीन शव बरामद कर लिए गए हैं। मृतकों में सास और दो बहुएं शामिल हैं, जबकि तीन बच्चे और एक ग्रामीण अभी लापता हैं।
गांव में हाहाकार, प्रशासन मौके पर
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। देर रात ही बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। सुबह से बचाव कार्य जारी है और बड़ी संख्या में ग्रामीण लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।
पुराना जलाशय, पहले भी हुई थी सीपेज की समस्या
यह जलाशय ग्राम पंचायत विश्रामनगर के धनेशपुर गांव में वर्ष 1980-81 में जल संसाधन विभाग द्वारा बनाया गया था। पहाड़ों से घिरे इस जलाशय में एक ओर से नाले का पानी आता है। करीब 10-12 साल पहले इसमें सीपेज हुआ था, जिसके बाद मरम्मत कराई गई थी।




