कोंडागांव। फरसगांव पुलिस ने नाबालिग लड़की से गैंगरेप के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली गई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
घटना कैसे हुई?
22 मई 2025 की रात पीड़िता अपने घर से मोबाइल फोन लाने के बहाने निकली थी। इंस्टाग्राम पर एक परिचित युवती के जरिए उसकी पहचान देवकुमार नेताम से हुई थी। उसी बहाने आरोपी गुपेंद्र मरकाम और देवकुमार नेताम उसे कार में बैठाकर सुनसान जंगल में ले गए और वहां दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने उसे धमकी देकर छोड़ दिया।
परिवार को बताई पूरी बात
पीड़िता ने साहस दिखाते हुए घटना की जानकारी अपने परिवार को दी। इसके बाद परिजन तुरंत फरसगांव थाने पहुंचे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(डी) और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया।
आरोपियों की गिरफ्तारी
कोंडागांव पुलिस अधीक्षक देवदत्त सोनवानी के निर्देश पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों फरार आरोपियों को फरसगांव से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुपेंद्र मरकाम (21) और देवकुमार नेताम (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया है।




