चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत खराब होने पर उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीते दो दिनों से वे वायरल फीवर और पाचन संबंधी समस्या से जूझ रहे थे। घर पर दवाएं लेने के बावजूद तबीयत में सुधार न होने और ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव के बाद उन्हें गुरुवार को अस्पताल लाया गया।
फोर्टिस अस्पताल प्रशासन ने बयान में बताया कि मुख्यमंत्री को थकान और हृदय गति धीमी होने की शिकायत पर भर्ती किया गया। जांच के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनका पल्स रेट सामान्य हो रहा है और टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रख रही है।
मुख्यमंत्री मान शुक्रवार को चंडीगढ़ में होने वाली पंजाब कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करने वाले थे, जिसे उनकी अस्वस्थता के कारण स्थगित कर दिया गया है। यह बैठक राज्य में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत और बचाव कार्यों पर केंद्रित होने वाली थी।
इससे पहले गुरुवार को वे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ सुल्तानपुर लोधी दौरे पर जाने वाले थे, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।




