बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के भरनी गांव के पास हुए सड़क हादसे में एक और मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल रमेश तिवारी ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं कार में सवार बहू और मासूम बच्ची घायल हैं, जिनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार से भरनी की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक एक मवेशी सड़क पर आ गया। चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। रमेश तिवारी को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहां आज उनकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।




